NEWS BY: Pulse24 News
कोरबा , छत्तीसगढ़ – कोरबा जिले को मिली विकास की नई दिशा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने आत्मीय अंदाज में लोगों का दिल जीता। 625 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना में सुधार की बात कही। वहीं, किसानों, हितग्राहियों और महिलाओं को योजनाओं का लाभ देकर समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का संदेश दिया। कोरबा के एसईसीएल ग्राउंड में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हुआ भव्य स्वागत। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। हजारों लोगों की भीड़ मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए घंटों से जुटी थी। सीएसईबी ग्राउंड में आयोजित भव्य जनसभा में मुख्यमंत्री ने 625 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को नई ऊंचाई देने के लिए डीएमएफ फंड के पारदर्शी उपयोग की सराहना की।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थियों को नए घरों की चाबियां सौंपी। वहीं, किसानों को ट्रैक्टर, मछुआ समुदाय को आइस बॉक्स और रेशम उत्पादन से जुड़ी महिलाओं को सहायता राशि प्रदान की।महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया और प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयाम पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हसदेव नदी पर रपटा निर्माण, कोरबा में सर्किट हाउस और 23 करोड़ रुपये के नगर निगम विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। कोरबा की जनता ने मुख्यमंत्री को खुले दिल से समर्थन दिया। लोगों ने कहा कि उनकी उम्मीदें अब पूरी हो रही हैं। कोरबा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केवल घोषणाओं की झड़ी नहीं लगाई, बल्कि जमीनी विकास का वादा भी किया। जनता के विश्वास के साथ सरकार ने विकास की नई परिभाषा लिखने का इरादा जाहिर किया।