NEWS BY: Pulse24 News
भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी धीरेंद्र संभाजी कुटे ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के प्रशिक्षण केंद्र एवं विद्यालय, मेरु कैंप, हजारीबाग में महा निरीक्षक के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान महानिरीक्षक कमलजीत सिंह बन्याल ने उन्हें सम्मानपूर्वक बैटनप्रदान कर पदभार सौंपा।
धीरेंद्र संभाजी कुटे 1997 बैच के उड़ीसा कैडरके आईपीएस अधिकारी हैं और उनके पास 28 वर्षों का लंबा और सफल सेवाकाल है। अपनी सेवा अवधि के दौरान उन्होंने उड़ीसा राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
कानून व्यवस्था को बनाए रखने और प्रशासनिक दक्षता के लिए उनके योगदान को वर्ष 2013 में पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। उनकी नेतृत्व क्षमता और रणनीतिक कौशल ने उन्हें एक प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के रूप में प्रतिष्ठित किया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद धीरेंद्र संभाजी कुटे ने संस्थान के सभी कार्मिकों को संबोधित करते हुए उनके उज्जवल और सुखद भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण और प्रशासनिक स्तर पर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
उनके नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र के और अधिक सुदृढ़ और प्रभावशाली बनने की उम्मीद है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियों का सृजन हो सकेगा।