चक्रवात अर्नब का अलर्ट

चक्रवात का खतरा: आंध्र प्रदेश में 6 लाख लोगों को सुरक्षित करने की तैयारी तेज, 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट हुआ जारी

उत्तराखंड कर्नाटक झारखंड पंजाब पश्चिम बंगाल भारत राजस्थान राज्य लेटेस्ट न्यूज़ हिमाचल प्रदेश

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात को लेकर चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अर्नब 27 अक्टूबर तक तूफान का रूप ले सकता है और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। बता दे आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी के बीच राहत एवं बचाव की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम में बदलाव के आसार हैं।

आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा

आंध्र प्रदेश में चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए करीब 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है। तटीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। 28 अक्टूबर को भी आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। तेज हवाओं और समुद्र में उथल-पुथल को देखते हुए तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।

चक्रवात के असर से ओडिशा में भी भारी बारिश की आशंका है। राहत और बचाव कार्यों के लिए 60 टीमें तैनात करने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक, राज्य के छह जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। 27 अक्टूबर को ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 28 अक्टूबर को भारी बारिश का रेड अलर्ट बताया गया है। झारखंड में 28 अक्टूबर को बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

तमिलनाडु में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। अरनी के भास्कर नगर में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों के घरों में फंसे होने की जानकारी है। कोडाइकनाल में पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है, जबकि तिरुवारूर जिले में भी तेज बारिश दर्ज की गई। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार स्कूल और कॉलेज खुले रहे।

बता दे, मध्य प्रदेश में मंगलवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट बताया गया है। वहीं, छतरपुर, कटनी, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और सिवनी में भारी बारिश की संभावना है। बारिश की चेतावनी से पहले प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम बताया गया।

देशभर के मौसम का हाल

राजस्थान में बदलेगा मौसम

राजस्थान में 29 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आंधी और बारिश हो सकती है। इससे पहले अगले तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने लगी है। वहीं, रविवार रात सीकर के फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में स्थित केदारनाथ और तुंगनाथ सहित रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 से 28 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और धूप खिलने की संभावना है। इसके बाद 29 से 31 अक्टूबर के बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

पंजाब और चंडीगढ़ में बदलेगा मौसम

पंजाब और चंडीगढ़ में 26 अक्टूबर को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप से मौसम सामान्य बना हुआ है। पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बठिंडा में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को राज्य में बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। जहां, 29 अक्टूबर तक ज्यादातर इलाकों में धूप खिल सकती है, जिससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 30 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 30 और 31 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश, जबकि चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने के आसार हैं।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

चक्रवात और मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई अन्य राज्यों में भी बारिश की संभावना है। जैसे –

27 अक्टूबर: आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट, ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट। छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और रायलसीमा में येलो अलर्ट।

28 अक्टूबर: आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में रेड अलर्ट। झारखंड में ऑरेंज अलर्ट।

अन्य क्षेत्र: पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में येलो अलर्ट की संभावना।