
बड़कागांव /अशोक बंटी राज
NML पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में एनटीपीसी लिमिटेड का 52वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना परिसर में विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पवन कुमार रावत, महाप्रबंधक (इन्फ्रा) द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात उन्होंने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटा तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया।अपने संबोधन में पवन कुमार रावत ने एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा, ऊर्जा क्षेत्र में संगठन के महत्वपूर्ण योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, तकनीकी दक्षता और कर्मचारियों के समर्पण के बल पर देश की अग्रणी विद्युत उत्पादक कंपनी के रूप में विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

उन्होंने परियोजना की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सभी कर्मचारियों से इसी प्रतिबद्धता, टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।समारोह के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री गुरदीप सिंह का स्थापना दिवस संदेश भी सुना, जिसका सीधा प्रसारण किया गया। अपने संबोधन में सीएमडी ने संगठन की उपलब्धियों, भविष्य की विकास योजनाओं, परिचालन उत्कृष्टता, सतत विकास तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। इस अवसर ने सभी कर्मचारियों को एनटीपीसी की गौरवशाली विरासत, उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों पर गर्व करने के साथ-साथ संगठन के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का समापन नई ऊर्जा, उत्साह और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी ने राष्ट्र की प्रगति एवं एनटीपीसी की निरंतर सफलता में अपना योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

