जयपुर करणी सेना रैली: प्रदर्शनकारी की मौत, संगठन ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

भारत राजस्थान राज्य लेटेस्ट न्यूज़

जयपुर में यूजीसी रेगुलेशंस 2026 के विरोध में आयोजित करणी सेना की रैली के बाद एक प्रदर्शनकारी की मौत का मामला सामने आया है। करणी सेना ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान हुए घटनाक्रम के कारण प्रदर्शनकारी की जान गई, जबकि पुलिस की ओर से मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

सोमवार को करणी सेना की ओर से यूजीसी रेगुलेशंस 2026 को वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर जयपुर में विरोध प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कालवाड़ रोड सहित कई इलाकों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी।

इलाज के दौरान हुई मौत

करणी सेना के नेताओं के मुताबिक, मृतक की पहचान डीडवाना-कुचामन जिले के पलाड़ा निवासी देवराज सिंह के रूप में हुई है। संगठन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

करणी सेना अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा वाटर कैनन के इस्तेमाल के दौरान देवराज सिंह घायल हुए थे। उन्होंने दावा किया कि कालवाड़ रोड पर वाटर कैनन का तेज दबाव उनके सीने पर लगा, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हुई।

पुलिस ने नहीं की मौत के कारण की पुष्टि

पुलिस अधिकारियों ने अभी तक देवराज सिंह की मौत के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी सामने आई थी।

रैली समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंचे, जहां कुछ समय के लिए सड़क जाम भी किया गया। बाद में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया गया।