भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 11-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। यह मुकाबला एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 में 6 सितंबर को चीन के मोकी में खेला गया।

खेल

भारत ने मलेशिया को 11-1 से रौंदा

मोकी (चीन): भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप में अपने दूसरे एलीट पूल मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 11-1 की बड़ी जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और एलीट पूल में 6 अंकों के साथ शीर्ष स्थान मजबूत किया।

मैच में भारत का दबदबा

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही मलेशिया पर दबाव बना दिया। पहले ही मिनट में पूजा साहू ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद चौथे मिनट में पूर्णिमा यादव ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी।

आठवें मिनट में बिनीमा धन ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। 14वें मिनट में कृष्णा शर्मा ने गोल किया। दूसरे क्वार्टर में भी भारत का आक्रमण जारी रहा और पूर्णिमा यादव ने 17वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद सुखवीर कौर और गीता यादव ने गोल किए। हाफ टाइम तक भारत 7-0 से आगे था।तीसरे क्वार्टर में मलेशिया ने 38वें मिनट में नूर मोहम्मद के जरिए अपना एकमात्र गोल किया और स्कोर 7-1 हुआ। हालांकि भारत ने तुरंत अपना दबाव बढ़ाया।

42वें मिनट में पूजा साहू ने पेनल्टी स्ट्रोक पर अपना दूसरा गोल किया। अगले ही मिनट सानिका चंद्रकांत माने ने गोल करके भारत की बढ़त 9-1 कर दी।

अंतिम क्वार्टर में गीता यादव ने 53वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके बाद सानिका माने ने 58वें मिनट में फिर गोल दागा और भारत ने मुकाबला 11-1 से अपने नाम कर लिया