वाराणसी: काशी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। गंजारी में निर्माणाधीन इस स्टेडियम का 95% काम पूरा हो चुका है और बाकी बचे कामों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। स्टेडियम के उद्घाटन के लिए 2 दिसंबर की तारीख प्रस्तावित है, हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जय शाह और राजीव शुक्ला करेंगे निरीक्षण
उद्घाटन से पहले आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला 18 से 20 नवंबर के बीच वाराणसी आ सकते हैं। वे स्टेडियम में तैयार हो रही सुविधाओं और मैच आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उनके निरीक्षण के बाद ही उद्घाटन कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

डमरू के आकार का अनोखा स्टेडियम
इस स्टेडियम की सबसे खास बात इसका डिजाइन है, जिसमें काशी की संस्कृति की झलक दिखेगी।
- स्टेडियम का आकार भगवान शिव के डमरू जैसा है
- फ्लड लाइट्स त्रिशूल के आकार की हैं
- मुख्य द्वार पर बेलपत्र की डिजाइन बनाई गई है
पूर्वांचल के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
इस स्टेडियम के बनने से वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल के खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। स्थानीय लोगों को अपने ही शहर में आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा, जिससे होटल और पर्यटन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा।

