
हजारीबाग/अशोक बंटी राज
विनोबा भावे विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UCET) में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा संचालित संस्कृत अध्ययन केन्द्र के सत्र 2026–27 के प्रमाणपत्रीय पाठ्यक्रम का शुभारम्भ कर दिया गया है। इसकी जानकारी देते हुए यूसेट के प्राध्यापक डॉ अरुण कुमार मिश्रा ने सोमवार को बताया कि शुभारम्भ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में UCET के निदेशक डॉ. आशीष कुमार साहा उपस्थित थे। साथ ही संस्कृत अध्ययन केन्द्र के पाठ्यक्रम समन्वयक सुवीर कुमार, केन्द्र के शिक्षक माननीय राजदीप घोष, UCET के अन्य प्राध्यापकगण तथा संस्कृत अध्ययन केन्द्र के छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

मङ्गलाचरण के साथ समारोह का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत अध्ययन केन्द्र के शिक्षक राजदीप घोष ने किया। सर्वप्रथम संस्कृत अध्ययन केन्द्र के पाठ्यक्रम समन्वयक सुवीर कुमार ने पाठ्यक्रम के उद्देश्य, स्वरूप एवं महत्त्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। तत्पश्चात् CSE विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अरुण कुमार मिश्रा ने संस्कृत भाषा की महत्ता पर संस्कृत भाषा में संक्षिप्त उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने UCET परिसर में संस्कृत अध्ययन केन्द्र के संचालन हेतु केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।इसके पश्चात् UCET के निदेशक डॉ. आशीष कुमार साहा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा उद्देश्य केवल संस्कृत भाषा में उपाधि अथवा प्रमाणपत्र प्राप्त करना ही नहीं होना चाहिए, अपितु संस्कृत भाषा का दैनिक जीवन में प्रयोग करना भी हमारा प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। तत्पश्चात् गणित विभाग के प्राध्यापक डॉ खेमलाल महतो नेh गत वर्ष संस्कृत अध्ययन केन्द्र के पाठ्यक्रम में अपने अध्ययन-अनुभवों को सभी के समक्ष साझा किया। शान्तिमन्त्र के पाठ के साथ उद्घाटन सत्र का विधिवत् समापन हुआ।

