छठ पूजा 2026: आज से शुरू हुआ लोक आस्था का महापर्व, जानें 4 दिन का पूरा कैलेंडर और ठेकुआ का महत्व।

उत्तराखंड बिहार भारत लेटेस्ट न्यूज़

ठेकुआ – जिस व्यक्ति ने इस प्रसाद के बारे में सुना है और इसका स्वाद चखा है, उसे ये नाम सुनते ही याद आ जाता है उस महापर्व की, जिसे छठ महापर्व कहा जाता है। बिहार का यह प्रमुख उत्सव बिहारवासियों के लिए दिवाली से भी बड़ा त्योहार माना जाता है। हालांकि पूर्वांचल में भी इसे बड़े उत्साह से मनाया जाता है।

अब देशभर में इस त्योहार को मनाया जाता है, क्योंकि बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के कोने-कोने में बस गए हैं। अब ये एक राज्य का त्योहार न होकर देशभर में मनाया जाने वाला महापर्व बन गया है।

छठ पूजा 2026 का आगाज आज से।

लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा आज 13 नवंबर से शुरू हो चुकी है और इसका समापन 16 नवंबर को होगा। यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना के लिए समर्पित है।

इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के अच्छे स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना के लिए खरना के बाद अगले 36 घंटों तक निर्जला व्रत रखती हैं। इस दौरान अन्न और जल ग्रहण नहीं किया जाता। यह व्रत उषा अर्घ्य देने और पूजा पूरी होने तक चलता है।

छठ पर्व में साफ-सफाई, सात्विक भोजन, प्रसाद और सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। इस पूजा में बांस की टोकरी में फल, गन्ना, नारियल, केला, मौसमी फल और इस त्योहार का मुख्य प्रसाद ठेकुआ रखना बेहद जरूरी होता है, जिसे बाद में प्रसाद के रूप में सभी में बांटा जाता है।

4 दिनों का पूरा कैलेंडर

पहला दिन – 13 नवंबर, शुक्रवार – नहाय-खाय: महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान करके घर की साफ-सफाई करते हैं और चावल, चने की दाल व कद्दू की सब्जी जैसे सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।

दूसरा दिन – 14 नवंबर, शनिवार – खरना: इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।

तीसरा दिन – 15 नवंबर, रविवार – संध्या अर्घ्य: व्रती नदी, तालाब या छठ घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। बांस के सूप में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर पूजा की जाती है।

चौथा दिन – 16 नवंबर, सोमवार – उषा अर्घ्य और पारण: अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पारण किया जाता है और व्रत का समापन होता है।

हरिद्वार में विशेष तैयारी

हरिद्वार में छठ पूजा सुचारू रूप से पूरी आस्था और भक्ति भाव से हो, इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही कमर कस रखी है। हर की पैड़ी, बिड़ला घाट और अन्य गंगा तटों पर पूर्वांचल समाज द्वारा विशेष पूजा की जानी है और लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पहले से चौकस है।