
चरही, हजारीबाग /अशोक बंटी राज
हजारीबाग जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 21 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने चरही थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण से संबंधित अभिलेखों तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक सह चुरचू अंचल की पुलिस निरीक्षक विद्यावती ओहदार, चरही थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अजीत कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न संचिकाओं का जायजा लिया। साथ ही लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के मामलों की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष तत्परता बरतने को कहा। एसपी ने अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा नशे के खिलाफ आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा अवैध बालू, कोयला एवं अन्य सामग्रियों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया। वहीं, अनुसंधान के लिए लंबित सभी कांडों की समीक्षा कर त्वरित निष्पादन तथा संगठित अपराध से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन में गंभीरता एवं सक्रियता बरतने का निर्देश दिया।

