यूपी CM योगी आदित्यनाथ की मां

CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

उत्तर प्रदेश उत्तराखंड भारत राज्य

पंचूर गांव स्थित आवास पर हुआ निधन

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पंचूर गांव स्थित अपने आवास पर निधन हुआ। वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थीं। 91 वर्ष की उम्र होने के कारण उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। उनके निधन से परिवार में शोक का माहौल है।

हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

सावित्री देवी का पार्थिव शरीर शनिवार को हरिद्वार लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हरिद्वार पहुंचने की संभावना है।

2024 में एम्स में हुई थीं भर्ती

सावित्री देवी को उम्र संबंधी परेशानियों के चलते 14 मई 2024 को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनका हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे।

पौड़ी के पंचूर गांव से है नाता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। इससे पहले वर्ष 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अब मां सावित्री देवी के निधन से परिवार ने एक और बड़ी क्षति झेली है।

कई नेताओं ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।

सावित्री देवी के निधन से उत्तराखंड के पंचूर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार के प्रति विभिन्न नेताओं और लोगों की ओर से संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।