विष्णुगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनता दरबार, सैकड़ों ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्याएं

झारखंड लेटेस्ट न्यूज़

आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासन को जनसामान्य के और करीब लाने के उद्देश्य से आज 21 नवंबर को विष्णुगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए तथा अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से उपायुक्त को अवगत कराया।उपायुक्त हेमन्त सती ने जनता दरबार में उपस्थित सभी फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन संबंधी विवाद, पेंशन, म्यूटेशन, मंईयां सम्मान योजना सहित विभिन्न जनहित से जुड़े सैकड़ों मामले सामने आए। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों के निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त के साप्ताहिक जनता दरबार में विष्णुगढ़ प्रखंड से बड़ी संख्या में मामले प्राप्त होने तथा प्रखंड के नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए विष्णुगढ़ में ही जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि विष्णुगढ़ प्रखंड जिला मुख्यालय से काफी दूर है, ऐसे में यहां के नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु हजारीबाग आने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों की सुविधा एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विष्णुगढ़ में जनता दरबार आयोजित किया गया है, ताकि नागरिकों को स्थानीय स्तर पर प्रशासन से सीधे संवाद करने का अवसर मिल सके। जनता दरबार स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। उपायुक्त ने सभी विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल वितरण किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल के माध्यम से टीबी मरीजों को टीबी पोषण किट वितरित की गई। जनता दरबार में उपस्थित कई दिव्यांग नागरिकों ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर उपायुक्त ने उनके आवेदन प्राप्त करते हुए जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न करें। जनता दरबार के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल सुनिश्चित हुई। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी विष्णुगढ़, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

विष्णुगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय में उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनता दरबार, सैकड़ों ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्याएं