उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों एवं सामाजिक जागरूकता संबंधी जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन आज 29 फरवरी को नगर भवन, हजारीबाग में किया गया। कार्यक्रम का शुभांरभ हजारीबाग के उपायुक्त नैन्सी सहाय के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर एवं उपस्थित सभी अतिथियों को पौधा देकर किया गया। उपायुक्त ने सभी उभयलिंगी व्यक्तियों को शाॅल एवं उपहार देकर सम्मानित करते हुए कहा कि आपलोगों के सामाजिक उत्थान के लिए ही इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

उन्होंने बताया कि आपलोगों को समाज में उचित सम्मान एवं सरकार द्वारा प्रदान किये जानेवाले लाभों से आच्छादित किया जाना है। उभयलिंगी व्यक्तियों के लिए इस प्रकार का जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया गया है। उन्होंने बताया कि उभयलिंगी को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तीसरे जेंडर (लिंग) की मान्यता प्रदान की गई है। कार्यशाला में उपायुक्त ने पांच उभयलिंगी व्यक्तियों को भारत सरकार के पोर्टल से निर्गत पहचान पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इन्दु प्रभा खलखो ने कहा कि उभयलिंगी व्यक्तियों को अब समाज में सम्मान दिया जा रहा है। इनके विकास के लिए भारत सरकार द्वारा पोर्टल बनाया गया है, जिनके माध्यम से उभयलिंगी व्यक्ति अपना ईमेल आईडी एवं मोबाईल नम्बर से लाॅगिन कर स्वयं से संबंधित डाटा/जानकारी को भरकर अपलोड कर सकेंगे, ताकि उपायुक्त के द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र एवं पहचान पत्र निर्गत किया जा सके।

प्रमाण पत्र प्राप्त उभयलिंगी व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से प्रतिमाह 1000/- (एक हजार) रूपये पेंशन/सहायता राशि उनके खाता में उपलब्ध करायी जायेगी एवं सरकार अन्य योजनाओं से भी इन्हें जोड़ा जायेगा, जिससे इनके सामाजिक एवं आर्थिक आधार को मजबूत किया जा सकेगा। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, हजारीबाग सदर,उप निर्वाची पदाधिकारी माँ देव प्रिया,जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, हजारीबाग, ट्राई संस्था के राज्य प्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया संघ के सचिव उत्तम महतो, केरेडारी मुखिया संघ अध्यक्ष सह पचड़ा पंचायत मुखिया महेश साव सहित अन्य लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम का संचालन अनविता कुमारी ने की। कार्यशाला में मुख्य रूप से जिला समाज कल्याण कार्यालय सेे जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी संजय प्रसाद, महिला पर्यवेक्षिका अनुभा श्वेता होरो, सांख्यिकी सहायक नागेन्द्र शर्मा, लिपिक अभिषेक कुमार सिंह, सहायक-सह-डाटा इंट्री आपरेटर सतीश कुमार रजक, विजय रविदास, प्यारी रबिदास, यमुना साव, प्रणव तिवारी, संगीता कुमारी, रोहित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रिपोर्ट – अशोक बंटी राज

By Shivani

error: Content is protected !!