भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर सांसद मनीष जायसवाल ने किया माल्यार्पण

झारखंड राजनीति

जनजातीय गौरव दिवस, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने पुराना बस स्टैंड के समीप स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने वहां पहले से मौजूद आदिवासी समाज के लोगों के साथ प्रतिमा पर माल्यार्पण कर धरती आबा को नमन किया। साथ ही उपस्थित लोगों को जनजातीय गौरव दिवस एवं झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के लिए गौरव, स्वाभिमान और उत्सव का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस बार राज्य सरकार की उदासीनता के कारण भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस की रौनक अपेक्षाकृत फीकी नजर आ रही है। जिस महापुरुष के संघर्ष और बलिदान ने आदिवासी अस्मिता एवं झारखंड की पहचान को नई दिशा दी, उनकी जयंती को जिस भव्यता और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए था, उसमें सरकारी स्तर पर अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दिया। हालांकि भारतीय जनता पार्टी भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे वैभव, श्रद्धा और गौरव के साथ मना रही है।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, प्राकृतिक संपदा और वीर सपूतों की बलिदानी गाथा हम सभी के लिए गर्व का विषय है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मौके पर भाजपा नेतामनमीत अकेला, सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित आदिवासी समाज के लोगों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।