
बड़कागांव/अशोक बंटी राज
NML पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना द्वारा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कॉलोनी, ढेंगा में नवनिर्मित स्थायी छठ घाट का उद्घाटन किया गया। यह सुविधा परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नवनिर्मित छठ घाट का उद्घाटन पवन कुमार रावत, महाप्रबंधक (इन्फ्रा), पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना के विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी एवं आरएंडआर कॉलोनी के निवासी उपस्थित रहे। इस स्थायी छठ घाट का निर्माण सामुदायिक विकास निधि के अंतर्गत कराया गया है।

इसका उद्देश्य कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को छठ महापर्व के दौरान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के लिए एक सुरक्षित एवं स्थायी सुविधा उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर आरएंडआर कॉलोनी के निवासियों ने उनकी लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने तथा स्थायी छठ घाट का निर्माण कराने के लिए एनएमएल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पहल एनएमएल की स्थानीय समुदाय के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा परियोजना प्रभावित परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


