हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने पत्रकारों पर दबाव बनाने के प्रयास को बताया निंदनीय, कहा—पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्रता के साथ समझौता स्वीकार्य नही

झारखंड लाइफस्टाइल

हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने कल हजारीबाग प्रेस क्लब में नगर निगम के अधिकारियों द्वारा पत्रकार साथियों पर दबाव बनाने के कथित प्रयास की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पत्रकारों पर दबाव बनाने के बजाय अधिकारियों को जनहित से जुड़े सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए और अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।विधायक ने कहा कि हजारीबाग प्रेस क्लब को यह भवन उपायुक्त, हजारीबाग द्वारा आवंटित किया गया है। इसी प्रकार राज्य सरकार द्वारा रांची सहित अन्य स्थानों पर भी पत्रकारों के लिए भवन उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत आवंटित भवन को लेकर नगर निगम के किसी अधिकारी द्वारा पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर अनावश्यक जांच-पड़ताल करना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चारों स्तंभों—विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता—की अपनी-अपनी महत्वपूर्ण भूमिका एवं जिम्मेदारियां हैं। सभी का दायित्व है कि वे एक-दूसरे के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान का आदर करें तथा ऐसा कोई आचरण न करें, जिससे लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचे।विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्पष्ट कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। पत्रकारों की स्वतंत्रता और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। वे पत्रकार साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।