
पतरातु/अशोक बंटी राज

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पतरातू स्थित बिरसा मुंडा आवासीय परिसर में पीवीयूएनएल की ओर से स्थानीय प्रतिभा सम्मान सह पारंपरिक वाद्य यंत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पीवीयूएनएल की ओर से परियोजना प्रभावित एवं आसपास के 13 गांवों के कलाकारों के बीच मांदर, नगाड़ा, ढोलक, शहनाई और झुनझुना सहित विभिन्न पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वितरण किया गया। साथ ही लोककला एवं संस्कृति के संरक्षण में योगदान देने वाले स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया।

विधायक रोशन लाल चौधरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक विरासत से है। मांदर की थाप और नगाड़े की गूंज हमारी माटी की पहचान है। उन्होंने कहा कि पीवीयूएनएल की यह पहल स्थानीय कलाकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण को प्राथमिकता देने के लिए पीवीयूएनएल प्रबंधन का आभार जताया।

कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष, महाप्रबंधक (परियोजना), मानव संसाधन विभागाध्यक्ष, एससी-एसटी एसोसिएशन के महासचिव, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, स्थानीय कलाकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

