गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई: 27 बांग्लादेशी नागरिकों को किया गया डिपोर्ट, पुलिस सुरक्षा में ट्रेन से भेजा गया वापस

दिल्ली भारत लेटेस्ट न्यूज़

हरियाणा के गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर पकड़े गए 27 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेज दिया है। शुक्रवार, 27 नवंबर को सभी लोगों को पुलिस की निगरानी में ट्रेन के जरिए रवाना किया गया।

ATS और ऑपरेशंस टीम ने चलाया अभियान

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत पुलिस की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और पुलिस ऑपरेशंस स्टाफ की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।इस दौरान 27 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में इनके पास भारत में रहने के लिए जरूरी वैध वीजा, पासपोर्ट या अन्य अधिकृत दस्तावेज नहीं मिले।

मानेसर के डिटेंशन सेंटर में रखा गया

पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी 27 लोगों को पहले मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेजा। यहां संबंधित मामलों में जरूरी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद इन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

अतिरिक्त जनरल कोच लगाकर ट्रेन से किया रवाना

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 27 नवंबर को सभी 27 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिसकर्मियों की निगरानी में ट्रेन में बैठाकर रवाना किया गया। बताया गया है कि उनकी यात्रा के लिए ट्रेन में एक अतिरिक्त जनरल कोच भी जोड़ा गया था।पूरी कार्रवाई पुलिस की निगरानी में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने और उनके दस्तावेजों का सत्यापन करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।