
कोर्रा थाना क्षेत्र के आनंदपुरी स्थित मकान में छापामारी, 38 पेटी में रखी 456 बोतल शराब बरामद
हजारीबाग उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार एवं सहायक आयुक्त उत्पाद के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 नवंबर 2026 को सदर अंचल अंतर्गत कोर्रा थाना क्षेत्र के आनंदपुरी स्थित अशोक साव के मकान में छापामारी की गई। छापामारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की महंगी विदेशी शराब, जिसमें 100 Pipers, 100 Pipers 12 Year, Black Dog, Black Dog Gold, Teacher’s Highland, VAT-69 एवं Blenders Pride शामिल हैं, बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 38 पेटियों में रखी 456 बोतल, लगभग 342 लीटर अवैध शराब, जिस पर “For sale to defence personnel only” अंकित था, जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त घटनास्थल से कैंटीन कार्ड, एटीएम कार्ड, कैंटीन बिल, मोबाइल फोन एवं नकद राशि सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी बरामद कर जब्त की गई। छापामारी के दौरान कुल चार व्यक्तियों को उत्पाद कार्यालय लाया गया। सत्यापन एवं आवश्यक जांच के उपरांत मुख्य अभियुक्त राहुल कुमार, पिता गणेश काण्दु, निवासी पदमा ओपी, जो हजारीबाग स्थित एनसीसी कैंटीन में निजी लिपिक के पद पर कार्यरत था, के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वही अन्य तीन व्यक्तियों से पूछताछ एवं जांच के दौरान उनके विद्यार्थी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जब्त सामग्री:
– विदेशी शराब – 342 लीटर (456 बोतल, 38 पेटी)- कैंटीन कार्ड- एटीएम कार्ड- कैंटीन बिल- मोबाइल फोन- नकद राशि एवं अन्य आवश्यक सामग्रीजिला प्रशासन एवं उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

