
28 नवंबर को बड़कागांव में होगा ऐतिहासिक कार्यक्रम, 51 पंडितों का वैदिक मंत्रोच्चार, 40 कीर्तन मंडलियां और 50 टाना भगतों की टोली बनेगी आकर्षण; 130 बुजुर्ग श्रद्धालु करेंगे काशी, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज के दर्शन
बुजुर्गों के सम्मान और उनकी तीर्थ दर्शन की अभिलाषा को पूरा करने के उद्देश्य से हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल की ओर से संचालित सांसद तीर्थ दर्शन महाभियान 28 नवंबर को ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचेगा। अभियान का 100वां और 101वां जत्था शनिवार को बड़कागांव से भव्य समारोह के बीच तीर्थ यात्रा के लिए रवाना होगा। दोनों जत्थों में सांढ़ पंचायत (बड़कागांव मंडल) और नयाटांड़ पंचायत (उरीमारी मंडल) के कुल 130 बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल होंगे। ये श्रद्धालु काशी, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम के दर्शन करेंगे।महाभियान के शतकीय पड़ाव को यादगार बनाने के लिए बड़कागांव थाना के सामने स्थित मां अंबे परिसर, गुरुचट्टी में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद मनीष जायसवाल, क्षेत्रीय विधायक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के गणमान्य लोग शामिल होंगे। आयोजन में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सभी 83 पंचायतों से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।
वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से गूंजेगा बड़कागांव

समारोह की शुरुआत 51 पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से होगी। वहीं 40 कीर्तन मंडलियों की टोली भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेगी। 50 टाना भगतों की टोली, एकल विद्यालय के विद्यार्थी, छऊ नृत्य कलाकार और ताशा पार्टी आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगे। तीर्थयात्रियों का पांव पखारकर, पुष्पवर्षा कर और पारंपरिक तरीके से सम्मानित करते हुए विदाई दी जाएगी।सांसद मनीष जायसवाल की अगुवाई में तीर्थयात्री बड़कागांव चौक से करीब दो किलोमीटर की पदयात्रा कर सूर्य मंदिर पहुंचेंगे। इस दौरान हरे कृष्ण-हरे राम संकीर्तन, टाना भगतों का पारंपरिक दल, विशेष शंखनाद और भगवा परिधान में सजे श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र रहेंगे। सूर्य मंदिर परिसर से सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित तीर्थस्थलों के दर्शन के लिए रवाना किया जाएगा।

एक अतिरिक्त बस का भी होगा संचालन
प्रेस वार्ता में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद तीर्थ दर्शन महाभियान का 100वां और 101वां जत्था रवाना होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। वर्तमान में एक बस के माध्यम से यात्रा संचालित की जा रही है, लेकिन लोगों के अपार उत्साह, आशीर्वाद और लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए अब एक अतिरिक्त बस का संचालन भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार किसी मंडल से 60 से अधिक लोग यात्रा के लिए इच्छुक होते हैं, लेकिन बस में सीमित सीटों के कारण सभी को शामिल करना संभव नहीं हो पाता। पूर्व में कई श्रद्धालु अपनी निजी गाड़ियों से भी बस के पीछे यात्रा में शामिल हुए हैं। यह अभियान की लोकप्रियता और लोगों की आस्था का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि अब तक 99 जत्थों के माध्यम से हजारों श्रद्धालु तीर्थ दर्शन कर चुके हैं। लगभग 6500 लोग इस अभियान का लाभ उठा चुके हैं। ईश्वर की कृपा, जनता के आशीर्वाद और सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से अब तक सभी यात्राएं सफल रही हैं। संतोष की बात है कि किसी भी यात्रा के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और सभी श्रद्धालु सकुशल दर्शन कर घर लौटे हैं।सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि अभियान के तहत जिस मंडल से बस रवाना होती है, उसी मंडल के श्रद्धालुओं को उसमें शामिल किया जाता है। दूसरे मंडलों के लोगों को उस जत्थे में शामिल नहीं किया जाता है। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि जब तक ईश्वर उन्हें शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करते रहेंगे, तब तक बुजुर्गों के सम्मान में यह तीर्थ दर्शन अभियान निर्बाध रूप से जारी रहेगा। मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का भी यही संकल्प है कि जनसेवा के इस अभियान को किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं दिया जाएगा।

तीर्थ यात्रा का खर्च व्यक्तिगत रूप से उठाते हैं सांसद
सोशल मीडिया पर अभियान के खर्च को लेकर उठने वाले सवालों पर सांसद मनीष जायसवाल ने स्पष्ट किया कि तीर्थ दर्शन महाभियान का पूरा खर्च वे व्यक्तिगत रूप से वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि इसको लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। ईश्वर जब तक उन्हें सामर्थ्य प्रदान करते रहेंगे, यह यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान न कभी रुकेगा और न ही इसमें कोई बाधा आने दी जाएगी।सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि वे व्यक्तिगत रूप से जनसेवा के कार्यक्रमों का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर जनवरी से दिसंबर तक विभिन्न सेवा कार्यों को जनता के बीच समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जनप्रतिनिधि विकास कार्यों का कैलेंडर बनाते हैं, लेकिन वे जनसेवा के कार्यक्रमों का भी कैलेंडर तैयार करते हैं। इसके तहत मार्च-अप्रैल में रामनवमी के अवसर पर अखाड़ाधारियों की सेवा की जाती है, जबकि जनवरी-फरवरी में 101 गरीब एवं जरूरतमंद बेटियों का सामूहिक विवाह कराया जाता है। इसमें बेटियों को शादी का जोड़ा और लहंगा भेंट कर सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराया जाता है।सामूहिक विवाह की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर-वधू की तलाश से लेकर विवाह की पूरी व्यवस्था किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं है। भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। सभी के सहयोग और समर्पण से आयोजन सफल होता है। जनसेवा के इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाना और उनके जीवन में खुशियां लाना है।सांसद मनीष जायसवाल ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस के उपरांत कार्यक्रम स्थल और कार्यक्रम के भोजन स्थल का जायजा लिया और तैयारी की अंतिम चरण में कई दिशा-निर्देश दिए। सांसद मनीष जायसवाल ने कार्यक्रम स्थल निरीक्षण के पश्चात पुनः आयोजन संचालन टीम से जुड़े लोगों संग सफल आयोजन को लेकर सबको जिम्मेवारी सौंपी।

ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, सह प्रतिनिधि अनिल मिश्रा, हजारीबाग जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साव, लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, मांडू विधानसभा सांसद प्रतिनिधि खोखा सिंह, सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोर राणा, बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साव, बड़कागांव विधानसभा सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, सांसद प्रतिनिधि बीरेंद्र कुमार बीरू, लब्बू गुप्ता, प्रेमचंद प्रसाद, अविनाश कुमार सोनू, दीपक गुप्ता, बड़कागांव पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशंकर कुमार, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, त्रिवेणी महतो, ज्ञानी शर्मा, मंडल सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, उदय कुमार, किशोर कुमार, सत्यजीत विद्या अंकार, महेंद्र सिंह, प्रकाश गुप्ता, नारायण यादव, प्रमोद साव, राजू कुमार, अनूप ठाकुर, सतीश मोहन मिश्रा, अभय कुमार, रूपम ओझा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

