
टंडवा (चतरा)। एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा परियोजना प्रबंधन ने पाइप कन्वेयर में स्थापित 33,000 वोल्ट की उच्च-दाब विद्युत लाइन को लेकर आमजनों के लिए सावधानी सूचना जारी की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विद्युत लाइन चालू अवस्था में है और इसके संपर्क में आने से गंभीर विद्युत दुर्घटना हो सकती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है। जारी सूचना के माध्यम से आमलोगों से पाइप कन्वेयर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही पाइप कन्वेयर को छूने, उस पर चढ़ने अथवा उसके आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रबंधन ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने तथा वहां लगाए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से आसपास के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है। परियोजना प्रबंधन ने कहा है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

