जमशेदपुर : 16 महीने के ऋत्विक वर्मा का नाम बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज, बिना सहारे चढ़ीं 30 सीढ़ियां।

एक कहावत तो आप सबने सुनी होगी कि ‘पूत के पाँव पालने में ही दिख जाते हैं’। यही कहावत चरितार्थ हुई झारखंड के जमशेदपुर में, जहां महज 16 महीने के जांबाज बालक ऋत्विक वर्मा ने बिना किसी सहारे के 30 सीढ़ियां चढ़कर अपना नाम बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस उम्र में बच्चे ठीक से बोलना भी नहीं जानते और मुश्किल से कुछ कदम चल पाते हैं, उस उम्र में ऋत्विक ने यह रिकॉर्ड बनाया है। संस्था ने 2 नवंबर 2026 को इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि की है।
नाना ने पहचानी प्रतिभा, मां ने किया आवेदन
ऋत्विक की मां अनामिका कुमारी वर्मा के मुताबिक, सबसे पहले ऋत्विक के नाना अजय कुमार सिंह ने उसकी इस प्रतिभा को पहचाना था और विश्व रिकॉर्ड के लिए आवेदन करने का सुझाव दिया था।
इंटरनेट से ली जानकारी
अपने पिता के सुझाव के बाद अनामिका ने इंटरनेट पर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने 11 अक्टूबर 2026 को ऑनलाइन आवेदन किया। साक्ष्य के तौर पर उन्होंने महज 1 मिनट का वीडियो अपलोड किया, जिसमें ऋत्विक बिना किसी सहारे के 30 सीढ़ियां चढ़ते दिखाई दे रहे हैं।
पिता को देना था स्पेशल सरप्राइज
ऋत्विक के पिता रोहित वर्मा पुणे की एक MNC कंपनी में कार्यरत हैं। अनामिका ने यह पूरी प्रक्रिया पति से छुपाकर रखी थी। जैसे ही रिकॉर्ड की ऑफिशियल पुष्टि मिली, उन्होंने इसकी जानकारी पति को दी। बेटे की इस उपलब्धि पर पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

