देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक आरोपी घर में घुसा और लूट के विरोध के दौरान बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर कथित तौर पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला के रूप में हुई है। शीला मूल रूप से दरभंगा, बिहार की रहने वाली बताई जा रही है। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त थे। बताया जा रहा है कि दंपती के बच्चे बाहर रहते हैं और घटना के वक्त घर में यही तीन लोग मौजूद थे।

लूट के विरोध पर घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी स्थित मकान नंबर 16 में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आरोपी के दाखिल होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर रजनी कपूर के गले से चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पेचकस से रजनी कपूर पर कई वार कर दिए।
रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद नौकरानी शीला मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद बुजुर्ग रमेश कपूर पर भी हमला किया गया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। पुलिस फिलहाल वारदात के पीछे लूट को एक संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, घटना की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

पड़ोसी ने भाग रहे आरोपी को पकड़ा
घटना के दौरान घर से चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसी भारती भंडारी समेत अन्य लोगों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पड़ोसियों को पेचकस दिखाकर डराने का प्रयास भी किया।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके बाद पड़ोसी अपने निजी वाहनों से तीनों घायलों को अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और नौकरानी शीला के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी समेत पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल प्रारंभिक जानकारी में लूट को वारदात की वजह बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

