संघर्ष से नेतृत्व तक: सागर रघुवंशी बने शिवसेना उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष

उत्तराखंड राजनीति राज्य लेटेस्ट न्यूज़

देहरादून: उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून स्थित प्रेस क्लब में आयोजित शिवसेना के भव्य संगठनात्मक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना पक्ष प्रमुख एकनाथ  शिंदे के निर्देश तथा राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसूल की सहमति से राष्ट्रीय समन्वयक राज सिंह चंदेल ने सागर रघुवंशी को शिवसेना (मुख्य संगठन), उत्तराखण्ड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर संगठन की नई प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।

संघर्ष और समर्पण की कहानी

सागर रघुवंशी का राजनीतिक सफर संघर्ष, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने कम उम्र में ही शिवसेना की विचारधारा से प्रेरित होकर संगठन का दामन थामा और एक साधारण जमीनी कार्यकर्ता के रूप में अपनी यात्रा शुरू की। वर्षों तक बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और युवाओं को जोड़ने के लिए उन्होंने निरंतर कार्य किया।

युवा सेना उत्तराखण्ड के प्रदेश प्रमुख एवं शिवसेना के सह कार्यवाहक प्रमुख के रूप में उन्होंने सदस्यता अभियान चलाकर हजारों युवाओं को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठन विस्तार और जनहित के कार्यों में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।

शीर्ष नेतृत्व का विश्वास

राष्ट्रीय समन्वयक राज सिंह चंदेल ने कहा कि शिवसेना उत्तराखण्ड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और हर वर्ग तक पार्टी की विचारधारा पहुँचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी।

सागर रघुवंशी की नियुक्ति शिवसेना नेतृत्व द्वारा युवा नेतृत्व पर जताए गए विश्वास का प्रतीक है। यह निर्णय दर्शाता है कि संगठन मेहनत, निष्ठा और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

सागर रघुवंशी का पहला संदेश

प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद सागर रघुवंशी ने कहा,

“शिवसेना के शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊँगा। हमारा लक्ष्य उत्तराखण्ड के प्रत्येक बूथ, वार्ड, नगर और जिले तक शिवसेना का मजबूत संगठन खड़ा करना है। शिवसेना की राष्ट्रवादी एवं जनहितकारी विचारधारा को घर-घर पहुँचाकर संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे।”

उन्होंने अपने संबोधन में ब्रह्मलीन बालासाहब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे की विचारधारा को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि उन्हीं के आदर्शों से प्रेरित होकर उन्होंने हर परिस्थिति में संगठन के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी।

नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा

कार्यक्रम में नई प्रदेश कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई, जिसमें—

मनोज सरीन – प्रदेश मुख्य उपाध्यक्ष
संजीव मैठाणी – प्रदेश प्रवक्ता
सुमित चौधरी एवं प्रकाश भट्ट – प्रदेश महासचिव
दीपक चौहान – प्रदेश महामंत्री
शिवम कुमार – प्रदेश प्रचारक
इंद्रेश गुप्ता – प्रदेश मुख्य सचिव

इसके अतिरिक्त विभिन्न पदों पर प्रदेश सचिव, सह सचिव, मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्षों की भी नियुक्तियाँ की गईं।

1000 से अधिक लोगों ने ली शिवसेना की सदस्यता

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों से आए पूर्व सैनिकों, अधिवक्ताओं, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े 1000 से अधिक लोगों ने शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने संगठन की विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए उत्तराखण्ड में शिवसेना को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

युवा नेतृत्व की नई पहचान

सागर रघुवंशी की नियुक्ति केवल एक संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि संघर्षशील कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का संदेश भी है। एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर युवा सेना उत्तराखण्ड के प्रदेश प्रमुख और अब शिवसेना उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष बनने तक का उनका सफर यह साबित करता है कि संगठन में मेहनत, समर्पण और निष्ठा का सम्मान किया जाता है।

उत्तराखण्ड की राजनीति में अब युवा नेतृत्व के रूप में सागर रघुवंशी से संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।