31 वर्षीय रोहित साहू टंडवा से गिरफ्तार, धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल, दो सिम कार्ड समेत कई सामान बरामद

केरेडारी, हजारीबाग/अशोक बंटी राज,
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में कोयला कारोबारियों से रंगदारी एवं लेवी की मांग कर धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पगार ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीएसपीसी के नाम पर कोयला कारोबारियों को धमकी देने के आरोप में एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित साहू (31 वर्ष), पिता रघु साहू, निवासी लेम्बुआ, थाना टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से शशिकांत टीपीसी के नाम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा केरेडारी थाना क्षेत्र के कई कोयला कारोबारियों को फोन कर रंगदारी एवं लेवी की मांग की जा रही थी। साथ ही मांग पूरी नहीं करने पर धमकी भी दी जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए केरेडारी (पगार ओपी) थाना कांड संख्या 130/26, दिनांक 05 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), 308(3) एवं 308(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था।मामले के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अमन कुमार हजारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम में बड़कागांव अंचल के पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल सहित पुलिस बल एवं तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया। गठित पुलिस टीम ने सूचना संकलन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 नवंबर 2026 को छापामारी कर रोहित साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से मोटोरोला कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, एयरटेल कंपनी के दो सिम कार्ड तथा टंडवा थाना एवं केरेडारी थाना की दो मोहरें बरामद की हैं।छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, बड़कागांव अंचल पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, केरेडारी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय, पगार ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश मंडल, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा केरेडारी थाना और पगार ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को कोयला कारोबारियों से रंगदारी एवं लेवी मांगने वालों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

