
हजारीबाग/अशोक बंटी राज
हजारीबाग। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर हजारीबाग स्थित पिंजरापोल गोशाला में आयोजित मेले में मुन्ना सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हरा चारा एवं खाद्य सामग्री खिलाकर गौसेवा की। उन्होंने गोशाला में मौजूद गौ माता के संरक्षण और देखभाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की।

इस अवसर पर मुन्ना सिंह ने कहा कि गौ माता की सेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। गौ माता का संरक्षण एवं उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से गौसेवा के लिए आगे आने और अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल किसी विशेष पर्व या अवसर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष गौ माता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक रहना चाहिए। गोशालाओं के संचालन और गौवंश की देखभाल में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।इस अवसर पर राजीव रंजन प्रसाद, शारदानंद सिंह, शंकर चंद पाठक, बजरंग खंडेलवाल, राकेश सिन्हा एवं आनंद देव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


