
केरेडारी हजारीबाग/अशोक बंटी राज
हजारीबाग जिला के केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचायत कंडाबेर के सिरमा गांव में 22 वर्षीय युवक फुलचंद कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक के पिता खेमलाल गंझू ने गांव के ही पांच लोगों पर अपने बेटे की हत्या कर शव को फांसी का रूप देकर साक्ष्य छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने केरेडारी थाना में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। केरेडारी थाना में दिए आवेदन के अनुसार खेमलाल गंझू ने बताया है कि उनके पुत्र फुलचंद कुमार (22 वर्ष) का सिरमा गांव की ही नीलम कुमारी (21 वर्ष), पिता विद्या भोगता, के साथ पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आवेदन के अनुसार, दोनों शादी करने के लिए राजी थे, लेकिन युवती के परिजन इस विवाह के लिए तैयार नहीं थे। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 13 नवंबर 2026 को विद्या भोगता, दशरथ भोगता, चमेली देवी, रितिक कुमार एवं बसंती देवी ने फुलचंद कुमार को अपने घर बुलाकर कथित रूप से बंधक बना लिया था। इसके बाद 16 नवंबर 2026 को सिरमा गांव के मनवा कोचा के समीप युवक का शव सफेद गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक के पिता ने अपने आवेदन में आशंका जताई है कि उनके बेटे की लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर से मारपीट कर हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटकाने का रूप दिया गया। उन्होंने दावा किया है कि घटनास्थल पर मृतक के दोनों हाथ और पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे उन्हें घटना की परिस्थितियों पर संदेह है।मृतक के पिता ने मामले को गंभीर बताते हुए थाना प्रभारी से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवेदन में नामजद पांचों लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच एवं आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

