शिक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए परियोजना प्रबंधन ने बढ़ाया मदद का हाथ, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान

बड़कागांव/अशोक बंटी राज
एनटीपीसी बादाम कोल परियोजना की ओर से सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय उर्दू बालिका विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच स्कूल उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों को कुल 250 स्कूल बैग, 250 वाटर बोतल और 250 छातों का वितरण किया गया। साथ ही विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से डस्टबिन भी उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में एनटीपीसी बादाम परियोजना के अपर महाप्रबंधक सह माइनिंग एजेंट सदानंद चेरी यू एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के उप समादेष्टा सुरेश कुमार ने बच्चों के बीच स्कूल सामग्री का वितरण किया।

सामग्री प्राप्त कर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला। बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान साफ झलक रही थी। इस अवसर पर सीआईएसएफ के उप समादेष्टा सुरेश कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि एनटीपीसी बादाम परियोजना द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री का उद्देश्य बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और बेहतर ढंग से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करना है। स्कूल बैग में किताब-कॉपी और कलम रखकर तथा वाटर बोतल में पीने का पानी लेकर प्रतिदिन विद्यालय आएं। गर्मी और बारिश के मौसम में छाते का उपयोग करें। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित रहने और भविष्य में एक नेक इंसान बनकर देश-विदेश में अपनी सेवाएं देने की शुभकामनाएं दीं। वही एनटीपीसी बादाम परियोजना के अपर महाप्रबंधक सह माइनिंग एजेंट सदानंद चेरी यू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी छात्र-छात्राएं उपलब्ध कराई गई सामग्री का भरपूर उपयोग करें और नियमित रूप से विद्यालय आएं। पढ़-लिखकर देश के अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि बादाम परियोजना अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालयों में पठन-पाठन से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों की कमी नहीं होने देने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसी उद्देश्य से विद्यालय को डस्टबिन भी उपलब्ध कराया गया है। सभी बच्चे कूड़ा-कचरा डस्टबिन में डालें और अपने विद्यालय को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनटीपीसी बादाम परियोजना के सामुदायिक विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परियोजना की इस पहल से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।


