चतरा – चतरा जिले के सुप्रसिद्ध तीन धर्म के संगम स्थल ईटखोरी अवस्थित ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर के मैदान में शुक्रवार को भारत के केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। 12:45 बजे राजनाथ सिंह हेलीकॉप्टर से इटखोरी पहुंचे इटखोरी पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने श्री सिंह का अभूतपूर्व स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद सुनील कुमार सिंह विधायक किसुन कुमार दास भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जीतन राम समेत प्रदेश अमर बावरी और लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के जिला स्तरीय पार्टी कार्यकर्ता इस सम्मेलन में शिरकत किये। इस कार्यक्रम में उपस्थित बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को सांसद सुनील कुमार सिंह एवं विधायक किशन कुमार दास अमर बावरी समेत कई भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।इस कार्यक्रम को संबोधित करने से पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मां भद्रकाली की पूजा अर्चना की।
मंच पर रक्षा मंत्री के पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड में राज्य सरकार की विफलताओं पर जमकर बरसे रक्षा मंत्री। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है यह तय करने का कि अगले चुनाव में हम सरकार किसकी बना रहे हैं। केंद्र के द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं पर चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का चौमुखी विकास हुआ है। कला विज्ञान संस्कृत के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक पहचान बनाई है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपके सफल प्रयास से एक बार फिर मोदी सरकार अबकी बार 400 पर का आंकड़ा प्राप्त करेगी। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा की 2014 के बाद देश की दशा और दिशा में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है हमारा देश सामरिक दृष्टि से काफी सुदृढ़ हुआ है आज हमारे पड़ोसी मुल्क पहले की सरकारों में जैसी गुस्ताखियां किया करते थे आज करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं यह है एक अच्छे सरकार की अच्छी उपलब्धि। अर्थव्यवस्था की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारी अर्थव्यवस्था उन ऊंचाइयों को स्पर्श कर गई है कि हम विश्व के शीर्ष देशों के समक्ष आ खड़े हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील किया की सभी गिले शिकवे भूलकर आज आवश्यकता है एक जुट के साथ आने वाली चुनावी चुनौतियों को मुंहतोड़ जवाब देने का। श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में यह विपक्ष को समझा देना है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपनी कार्य क्षमता को अच्छी तरह से उपयोग करना जानते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सर्वांगीण विकास की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों की चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सबल हुआ है। आज हम विश्व शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर हैं तो यह श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व क्षमता का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की गई उपलब्धियां पर चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि देश का विकास मोदी जी के कुशल नेतृत्व क्षमता के द्वारा निरंतर हो रहा है। सभा में सांसद सुनील कुमार सिंह जैसे ही अपना संबोधन देने लगे वैसे हीं कुछ लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि सुनील कुमार सिंह के समर्थकों ने इसे विरोधियों की एक साजिश करार दिया है। समर्थकों ने कहा कि सांसद प्रत्याशी की दौड़ में शामिल अन्य लोगों ने ऐसा करवाया है।सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का यह कार्यक्रम इसीलिए तय किया गया था कि लोगों को यह लगे की चतरा में सुनील कुमार सिंह के लिए सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा है या नहीं। कुछ भाजपा के कद्दावर राजनेता लोगों का कहना है कि सांसद सुनील सिंह इस कार्यक्रम के माध्यम से यह बताना चाहते हैं कि भाजपा के शीर्ष लॉबी में उनकी पकड़ सबसे अधिक मजबूत है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन से यह बात स्पष्ट हो गई कि इस बार भी चतरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में सुनील कुमार सिंह ही होंगे। इसकी भी आधिकारिक सूचना आने वाले समय में हो जाएगी। हालांकि अलग-अलग विचारधारा के लोग आज के इस सम्मेलन के संदर्भ में अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। किंतु सांसद सुनील सिंह के समर्थकों के उत्साह को देखने के बाद यह कहा जा सकता है कि सुनील सिंह को चतरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का उम्मीदवार बनाया जा सकता है।कई स्तर पर तैयार की गयी ग्रांउड रिपोर्ट के अनुसार बताया जाता है कि सांसद का टिकट देने से पहले भाजपा संगठन ने कई स्तर पर रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। इसमें आरएसएस का भी फीडबैक शामिल है। इसके अलावा जनता से नाम एप्प पर फीडबैक ली गयी है। जनता से सांसद को लेकर सवाल भी पूछे गये हैं। सांसद के दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड खंगाला गया है। राज्य के चुनाव समिति एवं मंत्रियों के दौरे की रिपोर्ट भी ली गयी है। तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नंबर भी जारी किया गया था कि चतरा लोकसभा में ग्रामीणों की मांग क्या है। इस विषय पर कई भाजपा कार्यकर्ता तथा कई अन्य ग्रामीणों ने फोन कर वरिष्ठ नेताओं को अवगत तक भी कराया है। सब कुछ ठीक रहने के बाद ही सांसद को रिपिट किया जा रहा है। सांसद सुनील सिंह इसमें कहां तक खरे उतर पाये हैं यह तो संगठन और भारतीय जनता पार्टी आला कामान ही तय करेगा। लेकिन आज की जो परिस्थितियां हैं वह इस बात का संकेत दे रही है की अधिक संभावना सुनील कुमार सिंह को ही उम्मीदवार बनाए जाने की है।
रिपोर्ट – अखिलेश पांडेय